हिंदसा

शुक्रवार, 5 अक्टूबर 2018

शब्दशक्ति

शब्द-शक्ति

शब्द शक्ति के संदर्भ में शब्द और अर्थ दोनों का महत्त्व है, इन दोनों का संबंध शरीर और आत्मा या सागर और लहरों की तरह से है यानी दोनों अभिन्न दिखते हैं लेकिन दोनों भिन्न-भिन्न हैं और दोनों एक दूसरे से जुड़े हुए हैं ।
शब्द और अर्थ के संबंध को तुलसीदास ने स्पष्ट करते हुए लिखा है -
गिरा अरथ जल बीचि सम कहिअत भिन्न न भिन्न। 

अर्थात शब्द और अर्थ का संबंध जल और बीचि अर्थात तरंगों के समान है जैसे जल और तरंग हैं वैसे ही शब्द और अर्थ एक दूसरे से जुड़े हुए हैं| अर्थ के लिए शब्द का होना आवश्यक है अगर शब्द नहीं है तो अर्थ भी नहीं हो सकता इसलिए शब्द अर्थ की अभिव्यक्ति का मूल उपादान है | संस्कृत काव्यशास्त्र से पहले व्याकरण शास्त्र में भी शब्द का विवेचन मिलता है|
अब प्रश्न उठता है कि शब्दशक्ति क्या है? देखिए प्रत्येक शब्द में एक या अनेक अर्थ छवियाँ हैं, इन अर्थों को बताने वाली या शब्दों में निहित अर्थ को बताने वाली जो शक्ति है, या जो शब्द व्यापार है , उसे हम शब्द शक्ति कहते हैं |
शक्ति के स्थान पर शब्द व्यापार या शब्द वृत्ति का भी काव्यशास्त्र में प्रयोग मिलता है। परंतु अधिकतर भाषा विशेषज्ञों ने शब्द शक्ति ही कहा है| आचार्य विश्वनाथ ने शब्द शक्ति तो आचार्य मम्मट ने इसे शब्द व्यापार कहा है | इस तरह से शब्द शक्ति कहे या शब्द व्यापार, एक ही बात है|
| संस्कृत काव्यशास्त्र में सबसे पहले आचार्य मुकुल भट्ट और उसके बाद आचार्य मम्मट के द्वारा शब्द शक्तियों का व्यवस्थित रूप से वर्णन किया है ।
शब्द शक्तियों की संख्या
शब्द शक्तियों की संख्या को लेकर भी विद्वानों में मतभेद है आचार्य मुकुल भट्ट ने केवल अभिधा को ही शब्द शक्ति माना और वे अभिधा के दस भेद मानते हैं
कुछ आचार्यों ने शब्द शक्तियों की संख्या दो मानी है - अभिधा और लक्षणा | ध्वनि सिद्धांत की स्थापना करने वाले आचार्य आनंदवर्धन और आचार्य मम्मट अभिधा, लक्षणा, व्यंजना नामक तीन शब्द शक्तियां मानते हैं | कुछ विद्वान ऐसे भी हैं जो व्यंजना के स्थान पर तात्पर्य वृत्ति को मानते हैं | परंतु मम्मट के बाद अधिकतर काव्य शास्त्रियों ने मुख्य रूप से अभिधा, लक्षणा और व्यंजना इन तीन को ही शब्द शक्तियां के रूप में स्वीकार क्या है|
शब्द शक्तियां और शब्द -
जो शब्द शक्तियां हैं उनके जो शब्द है, काव्यशास्त्र में उनको भी अलग अलग नाम से संबोधित किया जाता है| सबसे पहले वाचक शब्द है और इस वाचक शब्द से जो अर्थ आएगा उसे हम वाचार्थ, मुख्यार्थ या संकेतार्थ कहते हैं और अर्थ को प्रकट करने वाली जो शब्द शक्ति है उसे हम अभिधा शब्द शक्ति के नाम से जानते हैं|
इसी प्रकार शब्द है -लक्षण और इससे जो अर्थ निकलता है उसे कहते हैं लक्ष्यार्थ और अर्थ को प्रकट करने वाली जो शब्द शक्ति है उसे हम लक्षणा शब्द शक्ति कहते हैं |
इसी तरह से शब्द है- व्यंजक और इस व्यंजक शब्द से जो अर्थ निकलेगा वह व्यंगार्थ कहा जायेगा और व्यंजना इसकी शब्द शक्ति कही जाएगी |
इस प्रकार अभिधा शब्द शक्ति का मूल शब्द वाचक कहलायेगा और उससे जो अर्थ आएगा वह मुख्यार्थ | इसी तरह से लक्षणा शब्द शक्ति के मूल शब्द को लक्षक और उससे जो अर्थ आएगा उसे लक्षार्थ कहेंगे और व्यंजना शब्द शक्ति का मूल शब्द व्यंजक और और उससे जो अर्थ आएगा उसे व्यंगार्थ कहेंगे |
हमने शब्दों का तीन प्रकार से विभाजन किया गया है- वाचक, लक्षक और व्यंजक | विशेषज्ञों के अनुसार वास्तव में यह शब्द का नहीं शब्दों की उपाधियों का वर्गीकरण है | जैसे एक व्यक्ति कभी पिता के रूप में ,कभी पुत्र के रूप में तो किसी के भाई के रूप में अर्थात वही एक व्यक्ति विभिन्न संबंधों के आधार पर कई उपाधियों से जाना जाता है इसी तरह से यहाँ भी ये शब्द अलग अलग नहीं बल्कि शब्द तो एक ही होता है लेकिन उस शब्द को उपाधि भेद से हम अलग-अलग नामों (वाचक लक्षक और व्यंजक) से जानते हैं | शब्द मूलतः नित्य होते हैं। शब्द की भूमिका बदलती रहती है | कोई वाचक शब्द हमेशा वाचक ही रहेगा ऐसा नहीं होता है, वह वाचक शब्द लक्षक या व्यंजक भी बन सकता है, व्यंजक शब्द वाचक या लक्षक भी बन सकता है | इसी तरह से विभाजन शब्द का न होकर उसकी उपाधि का होता है|
शब्द शक्तियां अभिधा से लक्षणा और लक्षणा से व्यंजना तक क्रमश: स्थूल से सूक्ष्म और उससे अधिक सूक्ष्म होती हैं | अभिधा शब्द शक्ति स्थूल है, लक्षणा सूक्ष्म है और व्यंजना उससे अधिक सूक्ष्म है|
अभिधा शब्द शक्ति पूरी तरह से शब्द पर आश्रित रहती है | इसमें जब हम शब्द का अर्थ लेते हैं तो वह कोशगत, लोक प्रचलित, प्रसिद्ध या जो व्याकरणिक दृष्टि से जो शब्द का अर्थ है, वह ग्रहण किया जायेगा | अभिधा शब्द शक्ति मुखार्थ पर आश्रित रहती है | लक्षणा शब्द शक्ति को अभिधा शब्द शक्ति की पुच्छभूता भी कहा गया है| क्योंकि वह शब्द से पूरी तरह भिन्न भी नहीं होती और बिल्कुल शब्द से जुड़ी हुई भी नहीं होती| इसलिए उसे अभिधा की पुच्छभूता कहा गया है| व्यंजना शब्द शक्ति शब्दार्थ से बहुत दूर हो जाती है उसमें शब्द का जो मूल अर्थ है वह अर्थ ही नहीं रहता उसका कोई और भिन्न अर्थ होता है
इस प्रकार अभिधा को पूरी तरह से शब्द आश्रित माना गया, लक्षणा को अभिधा की पुछभूता माना गया और व्यंजना को अर्थ से पूरी तरह से दूर माना गया है |
शब्द शक्तियों का प्रयोग और इनकी आवश्यकता
शब्द शक्तियों का प्रयोग काव्य में रमणीयता लाने के लिए किया जाता है तथा काव्य के सौंदर्य को बढ़ाने के लिए, रोचकता , मनोहरता और उसमें लोकोत्तर चमत्कार उत्पन्न करने के लिए किया जाता है। उदाहरण के लिए जब हम आम बोलचाल में शब्दों का प्रयोग करते हैं और फिर वही शब्द जब काव्य में प्रयोग होते हैं तो उनमें एक अलग ही रमणीयता आ जाती है|
अभिधा -
अभिधा शब्द शक्ति वह शब्द शक्ति है जिसके द्वारा मुख्यार्थ या सांकेतिक अर्थ का बोध हो | अर्थात जो कहा जाए या जो वक्ता कहना चाहता है उसका बिल्कुल वही अर्थ लिया जाए जो वह कहना चाहता है। जो आचार्य विश्वनाथ ने कहा है कि सांकेतिक अर्थ का बोध कराने वाली शक्ति अभिधा कहलाती है| उन्होंने अभिधा शब्द शक्ति को अग्रिमा अर्थात पहली शब्द शक्ति के रूप में माना है| और आचार्य मम्मट ने भी कहा है की जो शब्द शक्ति मुख्यार्थ \सांकेतिक अर्थ का बोध कराती है वह अभिधा शब्द शक्ति कहलाती है|
अभिधा शब्द शक्ति को जानने के लिए यह जानना जरुरी है कि शब्द कितने प्रकार के होते हैं - वैसे तो शब्दों को अलग- अलग आधार पर बांटा जा सकता है जैसे विकार के आधार - विकारी और अविकारी, प्रयोग के आधार - संज्ञा,सर्वनाम, विशेषण , क्रिया ,क्रिया विशेषण, समुच्यबोधक, संबंधबोधक, विस्मयादिबोधक, अर्थ के आधार पर- सार्थक और निरर्थक, उत्पति के आधार पर तत्सम ,तद्भव देशज और वेदेशी| इनके अतिरिक्त व्युत्पत्ति के आधार पर भी शब्दों का विभाजन किया जाता है और दृष्टि से शब्द तीन प्रकार के माने जाते हैं - रूढ़ शब्द , यौगिक शब्द और योगरूढ़ शब्द| अभिधा के सन्दर्भ में हमें व्युत्पत्ति के आधार पर जो शब्दों का विभाजन किया गया है उसको समझना है -
पहला रूढ़ शब्द से अभिप्राय है वह शब्द जिनका विभाजन न किया जा सके, जिनको खंडित न किया जा सके, जो लोक व्यवहार में उसी रूप में प्रचलित हैंं उनका कोई दूसरा अर्थ नहीं लिया जाता जैसे- गाय घोड़ा आदि| अब यहाँ गाय कहते ही हमारे सामने एक जानवर का चित्र उपस्थित हो जाता है अर्थात रूढ़ शब्द वह होते हैं जो लोक में प्रचलित और प्रसिद्ध होते हैं, रूढ़ होते हैं।
दूसरा है यौगिक शब्द- यौगिक शब्द वे होते हैं, जो प्रकृति और प्रत्यय के संयोग से बनते हैं । अर्थात उपसर्ग या प्रत्यय लगाकर शब्द बनाए जाते हैं, ये दो या दो से अधिक तीन या चार शब्दों को जोड़कर बनाये जाते हैं और इनका विभाजन या संधि विच्छेद किया जा सकता है जैसे- रसोईघर, पाठशाला आदि |
तीसरा है योगरूढ़ शब्द- योगरूढ़ शब्द वे शब्द होते हैं जो प्रकृति और प्रत्यय को मिलाकर बनाए जाते हैं और दो या तीन या चार शब्दों का योग भी होता है, उनका विभाजन भी किया जा सकता है। परंतु ये शब्द किसी एक अर्थ विशेष के लिए रुढ़ हो जाते हैं जैसे पंकज शब्द है। पंकज शब्द पंक + ज को मिलाकर बना है, जिसका अर्थ है कमल। जबकि पंक का अर्थ है कीचड़ और ज का अर्थ है- जन्म/ उत्पन्न अर्थात जो कीचड़ में उत्पन्न हुआ हो। लेकिन कीचड़ में तो कमल के अलावा और भी बहुत कुछ उत्पन्न होता है सिंघाड़े और शैवाल भी पैदा होता है और भी जलवनस्पतियां पैदा होती हैं फिर पंकज का अर्थ कमल ही क्यों लिया जाए? इसका कारण यही है कि पंकज शब्द कमल अर्थ के लिए रूढ़ हो गया है। इसलिए पंकज शब्द को हम योगरूढ़ शब्द कहेंगे । ऐसे ही पीताम्बर/ कृष्ण, दसानन/रावण, नीलकंठ/शिवजी आदि शब्द दिए गए अर्थो के लिए रूढ़ हो गए हैं इसलिए इन शब्दों को हम योगरूढ़ शब्द कहेंगे, तो अब हमारे पास जो तीन प्रकार के शब्द हैं अभिधा शब्द शक्ति में इन्हीं शब्दों के माध्यम से शब्द व्यापार होता है। देखिए अभिधा शब्द शक्ति में जहाँ एकार्थी शब्द होते हैं वहां तो कोई समस्या नहीं होती लेकिन जहाँ अनेकार्थी शब्द ( जैसे योगरूढ़ आदि) आ जाते हैं वहां श्रोता या पाठक को ये समस्या होती है अनेक अर्थों वाले शब्द का कौन सा अर्थ ग्रहण करें या वो कौन सा अर्थ है जो कवि का अभीष्ट अर्थ कहा जा सकता है | इसके लिए काव्य शास्त्रियों ने अभिधा के 14 नियामक हेतु माने हैं जिनके आधार पर हम अनेकार्थी शब्दों के किसी एक अर्थ को ग्रहण करने का निर्णय कर सकते हैं , ये नियामक हेतु इस प्रकार हैं-
1सबसे पहला नियामक हेतु है - संयोग- शब्द जो वाक्य में प्रयुक्त हुए हैं उससे जुड़े हुए जो शब्द हैं उनके संयोग के कारण उस शब्द विशेष का अर्थ लिया जाएगा
2 दूसरा है- विप्रयोग - विशेष प्रयोग के आधार पर अर्थ निश्चित किया जाता है जैसे राग का अर्थ संगीत विशेष से जोड़ कर लिया जाएगा।
3 तीसरा है- साहचर्य- सहचर्य के कारण अर्थ लिया जाता है।
4 चौथा है -विरोध- यहाँ विरोध के अर्थ में लेते है।
5 पांचवा है -अर्थ ( प्रयोजन) -यहाँ अर्थ के पीछे प्रयोजन का संदर्भ लिया जाता है|
6 प्रकरण- अर्थात किस संदर्भ में बात हो रही है, यह नियामक हेतु प्रसिद्ध है। शब्द का प्रयोग किस संदर्भ में किया जा रहा है उस प्रकरण विशेष को देखते हुए अर्थ लिया जाता है|
7
लिंग- लिंग शब्द से भी अर्थ निश्चित किया जाता है। लिंग परिवर्तन से भी अर्थ का निश्चय किया जाता है .
8 अन्यपद सन्निधि- यहां पर वाक्य में जो दूसरा शब्द आया है उससे अर्थ निश्चित किया जाता है
9 सामर्थ्य- यहां पर
सामर्थ्य को देखते हुए अर्थ का निर्णय किया जाता है|
10 देश - स्थान विशेष के कारण भी अनेकार्थक शब्द का विशिष्ट अर्थ लिया जाता है|
11औचित्य- क्या उचित होगा उसको देखते हुए भी अनेक अर्थों का एक अर्थ ग्रहण किया जाता है |
12 काल- जैसे चित्रभानु शब्द है अनेकार्थक है अब चित्रभानु का अर्थ सूर्य भी होता है और अग्नि भी अब जब दिन में बात की जाएगी जो चित्रभानु से अर्थ सूर्य लेंगे रात में बात की जाएगी तो उसका अर्थ अग्नि होगा|
13 व्यक्ति - शब्द जो है पुलिंग है या स्त्रीलिंग है उसके आधार पर भी उसका अर्थ निश्चित किया जाता है
14 स्वर - स्वर के लिए जब उच्चारण करते हैं तो उच्चारण में कहां बल दे रहे हैं या बलाघात कहां है उससे भी अर्थ बदल जाता है तुम गए नहीं, अरे तुम गए नहीं में जैसे ही बलाघात बदला कि अर्थ बदल गया
इस तरह से अभिधा के ये 14 नियामक हेतु होते हैं जिनका प्रयोग करके हम अनेकार्थी शब्दों के अर्थ का निश्चय करते हैं। व्यंजना शब्द शक्ति में भी अर्थ ग्रहण करने में ये निमायक हेतु मदद करते हैं |

लक्षणा शब्द शक्ति
अब हम बात करते हैं लक्षणा शब्द शक्ति की , यह दूसरी शब्द शक्ति होती है। लक्षणा शब्द शक्ति से अभिप्राय है -मुख्यार्थ के बाधित होने पर रूढ़ि अथवा प्रयोजन के कारण जिस शक्ति द्वारा मुख्य अर्थ से संबंधित अन्य अर्थ ग्रहण किया जाता है तब उसे लक्षणा शब्द शक्ति कहा जाता है। लक्षणा शब्द शक्ति में हम तीन बिंदुओं को मुख्य रूप से याद रखते हैं -
1.पहला मुख्य अर्थ का बाध - अभिधा शक्ति में मुख्य अर्थ ही प्रमुख होता था। हमें वाच्यार्थ ही ग्रहण करना होता था लेकिन लक्षणा में जो वक्ता द्वारा वाक्य बोला गया है उसका जो मुख्य अर्थ है उसमें बाधा आएगी ।
2. दूसरा आवश्यक तत्व है मुख्यार्थ से संबद्ध - अर्थात हम जो भी अर्थ लेंगे वह मुख्य अर्थ से जुड़ा हुआ या उससे संबद्ध होता है।
3. तीसरा आवश्यक तत्व है - रूढ़ि अथवा प्रयोजन से और कोई अन्य अर्थ ग्रहण किया जाए। इस तरह से लक्षणा में हमें तीन आवश्यक बातें याद रखनी पड़ती हैं -

  • मुख्य अर्थ की बाध
  • मुख्य अर्थ से संबद्ध
  • अन्य अर्थ में किसी रूढ़ि या प्रयोजन का होना।
इसको हम एक उदाहरण से समझते हैं- जैसे मोहन गधा है। अब किसी ने कहा कि मोहन गधा है अब मोहन व्यक्ति है, गधा जानवर है तो मोहन गधा तो नहीं हो सकता यहां मुख्य अर्थ की बाधा हो गई। अब यहां कहा गया है कि कि मोहन जो है वह गधे के गुण वाला है यानी जो मोहन में गुण हैं वही गधे में गुण हैं तो इसका मुख्य अर्थ से संबद्ध हो गया और तीसरा यह है कि मोहन को मुर्ख साबित करने का प्रयोजन भी है क्योंकि गधे को हमेशा मूर्ख ही समझा जाता है इसीलिए यहां प्रयोजन के कारण ही हम मुख्यार्थ की जगह अन्य अर्थ अर्थात मूर्खता ले रहे हैं।
इस तरह से यहां जो तीन बातें परिभाषा में बताई गई हैं वे सब यहां पर आ गई हैं
एक और उदाहरण से इसे समझा जा सकता है-
मेरा घर सड़क पर है तो यहां सड़क पर तो घर किसी का हो नहीं सकता लेकिन वह यह कहना चाहता है कि मेरा घर या गांव सड़क के पास है यानी उसका प्रयोजन है कि वह आने वाले को बताना चाहता है कि आपको मेरे घर को खोजने या आने-जाने के साधन को लेकर कोई दिक्कत नहीं होगी। तो यह बताने के लिए वह कह देता कि मेरा घर/गांव सड़क पर है ।
लाक्षणिक अर्थ के आधार पर लक्षणा के दो भेद किए जाते हैं -
एक रूढ़ी लक्षणा और
प्रयोजनवती लक्षणा,
रूढ़ी लक्षणा से अभिप्राय है कि शब्द का जो प्रसिद्ध अर्थ है या जो प्रचलित अर्थ है, जो लोक व्यवहार में प्रचलित हो चुका है वह अर्थ ग्रहण करना ही रूढ़ि लक्षणा है । कभी-कभी किसी शब्द का प्रयोग अपने मूल अर्थ से बाधित होकर सर्वसाधारण में वह अन्य ही अर्थ में इतना अधिक प्रचलित हो जाता है कि उसका वाच्यार्थ के सामान प्रयोग होने लगता है| केवल शब्द शास्त्र के विद्वान ही अनुसंधान के द्वारा उस शब्द के उस मूल आधार तक पहुंच पाते हैं जिसके कारण उस शब्द का किसी विशेष अर्थ में प्रयोग प्रचलित हो गया है| सर्वसाधारण उसका प्रयोग रूढ़ि के रूप में ही किया करते हैं, इसलिए इसे रूढ़ि या रूढा अथवा निरूढा लक्षणा कहते हैं | लक्षणा के विषय में हम हिंदी के प्रयोग के सन्दर्भ में दो रूपों रूपों पर विचार कर सकते हैं
1. संस्कृत की परंपरा में प्रतिष्ठित कुशल इत्यादि शब्द
2 . मुहावरों का प्रयोग
कुशल का शाब्दिक अर्थ है -कुश नामक घास को लाने वाला, कुश एक कटीली घास है, इसे तोड़ते समय सावधानी बरतनी पड़ती है, इसलिए धीरे-धीरे कुशल का अर्थ ही चतुर, होशियार आदि हो गया| इसी प्रकार चौकन्ना शब्द का मूल अर्थ चार कानों वाला है, किंतु अब इसका अर्थ सावधान हो गया है|
यह सभी अर्थ रूढ़ि के कारण प्राप्त हुए हैं, अतः रूढ़ि लक्षणा द्वारा ही इनकी प्रतीति मानी जानी चाहिए|
आचार्य विश्वनाथ ने इसके लिए एक सुंदर उदाहरण दिया है, वे कहते हैं कि कलिंगा साहसी है यानी कलिंग बहुत साहसी है। अब कलिंगा तो देश का नाम है कोई देश कैसे साहसी हो सकता है तो मुख्य अर्थ में बाधा हुई अब कलिंग के लोग बड़े साहसी होते हैं यह प्रसिद्धि है। यह प्रचलित हो चुका है जैसे कहा जाए कि हरियाणा बलवान है क्योंकि हरियाणा के लोग शक्तिशाली होते हैं बलशाली होते हैं इसी तरह कहा जाए कि राजस्थान साहसी है क्योंकि राजस्थान के राजपूत बड़े साहसी और पराक्रमी होते हैं तो यहां पर राजस्थान से नहीं बल्कि राजस्थान में रहने वाले लोग पराक्रमी हैं राजस्थान को साहसी कहना मुख्य अर्थ में बाधा है। यहाँ लाक्षणिक अर्थ निकला है कि राजस्थान के लोग अर्थात राजपूत जो हैं वे पराक्रमी है और यह रूढ़ि लक्षणा कहलाएगी
2. मुहावरे भी रूढ़ि लक्षणा के सुंदर उदाहरण हैं | मुहावरा एक वाक्यांश है जिसका वास्तविक अर्थ सांकेतिक अर्थ से भिन्न होता है| इसी कारण यह रूढ़ि की अपेक्षा लक्षणा में आ जाते हैं, जब हम कहते हैं कि आंख का तारा या सूर्य को चिराग दिखाना आदि एक उदाहरण से इसे समझते हैं- घोड़ा हवा से बातें कर रहा था, अभी जब हम कहते हैं कि घोड़ा हवा से बातें कर रहा था तब हमारा मतलब यह नहीं होता कि घोड़ा और हवा एक दूसरे से बात कर रहे थे, बल्कि हम यह कहना चाहते हैं कि घोड़ा हवा के समान तेज गति से दौड़ रहा था, यह अर्थ इसके मुहावरा बन जाने के कारण रूढ़ हो चुका है और ऐसे प्रयोग भाषा पर पकड़ होने के कारण हम अपने आप ही तुरंत ग्रहण कर लेते हैं | इसलिए इस आधार पर मुहावरे रूढ़ि लक्षणा के अंतर्गत आ जाते हैं लेकिन कुछ विद्वानों के अनुसार मुहावरे के प्रयोग के मूल में प्रयोक्ता का प्रयोजन भी होता है अतः मुहावरे प्रयोजनवती लक्षणा के अंतर्गत भी माने जा सकते हैं | जैसे सिर पर क्यों खड़े हो- वाक्य में सिर पर खड़े होने का लक्षार्थ रूढ़ि होने के साथ साथ इसका मतलब एकदम समीप अर्थात निकटता भी है, यहाँ हमारा प्रयोजन निकट कहने का है लेकिन निकट न कहकर हम सिर पर खड़े कह देते हैं अत: सिर पर कहने का प्रयोजन इसी निकटता को प्रकट करना है| ऐसा कहने पर यह प्रयोजन भी है और रूढ़ अर्थ भी है| इसलिए मुहावरे दोनों प्रकार की लक्षणा के उदाहरण माने जा सकते हैं |
मम्मट ने रूढ़ि लक्षणा के आगे कोई भेद नहीं किए हैं |
प्रयोजनवती लक्षणा
प्रयोजनवती लक्षणा से अभिप्राय है जब किसी विशेष प्रयोजन के लिए लाक्षणिक शब्द का प्रयोग किया जाये या जो अर्थ किसी फल विशेष से जुड़ा हुआ है, या कह सकते हैं कि कोई फल विशेष उसके पीछे है। वह प्रयोजनवती लक्षणा कहलाएगी |
प्रयोजनवती लक्षणा में जैसे हमने उदाहरण दिया कि गांव बिल्कुल सड़क पर है तो यह प्रयोजनवती लक्षणा है क्योंकि यहाँ वक्ता का प्रयोजन है कि मेरे गांव तक आना कठिन नहीं है मेरे गांव तक आना आसान है, आने में दिक्कत नहीं होगी तो यह प्रयोजनवती लक्षणा है| एक उदाहरण से समझते हैं-
आह! कल्पना का सुंदर यह
जगत मधुर कितना होता | (जय शंकर प्रसाद )
यहाँ कवि ने कल्पना के संसार को मधुर कहा है , ऐसा कहने से मुखार्थ बाधित हुआ है क्योंकि मधुर तो वहीं वस्तु हो सकती है जो आस्वाद्य हो अर्थात जिसको खाकर स्वाद लिया जा सके, मिठाई हो सकती है कोई मीठा पदार्थ हो सकता है लेकिन संसार तो खाद्य वस्तु या खाने की चीज नहीं है इसलिए वह मधुर यानी मीठा कैसे हो सकता है अत: उसे मधुर कैसे कहा जा सकता है? किंतु जिस प्रकार मधुर वस्तु प्रिय और आकर्षक होती है उसी प्रकार कल्पना का संसार भी मादक और मधुर होता है और चित्त को आकर्षित करने वाला होता है अतः यहां कल्पना लोक को अत्यंत आकर्षक बताना ही कवि का प्रयोजन है और कल्पना का संसार हमेशा बहुत ही सुंदर होता है इसी को कहने के लिए कवि ने यहां यह प्रयोग किया है|
मम्मट ने प्रयोजनवती लक्षणा के दो भेद किए हैं-
गौणी (गौड़ी) प्रयोजनवती लक्षणा और
शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा
1 गौणी प्रयोजनवती लक्षणा -
जब दो वस्तुओं के रूप गुणों में परस्पर सादृश्य संबंध होने के कारण लक्ष्यार्थ का ग्रहण होने पर गौणी लक्षणा होती है, इसे गौणी लक्षणा लिए कहा गया है क्योंकि इसमें मुखार्थ के गुणों के सदृश्य गुण लक्ष्यार्थ में भी होते हैं जैसे - मोहन गधा है (गुणों की सादृश्यता के कारण और वक्ता का प्रयोजन भी है इसलिए (सारुपा, मोहन और गधा दोनों का वर्णन है) गौणी प्रयोजनवती लक्षणा) मनुष्य मोहन को गधा कहने में मुखार्थ ग्रहण करने में बाधा है क्योंकि मोहन गधा नामक पशु नहीं हो सकता अतः गधे के समान गुण अर्थात मूर्खता संबंधी लक्ष्यार्थ सादृश्य के कारण संभव हुआ है इसलिए यहां गौणी लक्षणा है|
गौणी प्रयोजनवती लक्षणा के आगे दो उपभेद किए जाते हैं
सारुपा गौणी प्रयोजनवती लक्षणा और दूसरी है -सध्यावसाना गौणी प्रयोजनवती लक्षणा |
  • सारुपा गौणी प्रयोजनवती लक्षणा -जैसा नाम से ही पता चल रहा है उसमें रूपक बंधा होता है, इसमें उपमेय और उपमान दोनों का अभेद वर्णन किया जाता है, एक विषयी या आरोपक (जिस वस्तु का आरोप किया जाता है) कहलाता है और दूसरा विषय या आरोप्य (जिस वस्तु पर आरोप किया जाता है ) कहलाता है |
जैसे - उदित उदयगिरि मंच पर, रघुवर बाल पतंग|
विकसे संत सरोज सब हरषे लोचन भृंग||
इस दोहे में पूरा एक सॉन्ग रूपक बांधा गया है, सांग रूप किस किस तरह बांधा गया हुआ है? - चित्रकूट में स्वयंवर है यहाँ पर उदयगिरि मंच है , उदित मंच पर रघुवर यानी राम, जो है वह बाल पतंग है अर्थात प्रातः कालीन सूर्य के समान हैं, उनको देखते ही संत कमल के समान खिल जाते हैं, तो प्रातः कालीन सूर्य उदित होता है और राम को मंच पर देखकर संत रूपी कमल खिलते हैं , उनकी आंखें रूपी भैंवरे जो हैं वे हर्ष से युक्त हो जाते हैं तो यह सारूपा गौणी लक्षणा का उदाहरण है | (क अन्य उदाहरण -मोहन गधा है)
  • सध्यावसानागौणी प्रयोजनवती लक्षणा-
जो सध्यावसाना गौणी प्रयोजनवती लक्षणा में वहां पर रूपक नहीं बांधा जाता वहां पर सादृश्य संबंध को आधार मानना होता है | और विषयी और विषय अर्थात उपमेय और उपमान में से प्रथम का वर्णन न करके उपमान द्वारा ही भावाभिव्यक्ति की जाती है वहां सध्यावसाना गौणी प्रयोजनवती लक्षणा होती है |
जब हम कहते हैं कि देखो गधा आ रहा है तब हमारा अभिप्राय मोहन को लक्षित कर के उसे गधे के समान मूर्ख बताना ही प्रयोजन होता है किंतु मोहन में विषय का शब्दों में वर्णन हमने नहीं किया अतः यहां सध्यावसानागौणी प्रयोजनवती लक्षणा है।
2 शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा-
शुद्धा लक्षणा सादृश्य संबंध के अभाव में किसी अन्य संबंध के कारण जैसे समीपता, साहचर्य सम्बन्ध,आधार-आधेय भाव संबंध हो सकता है या अंगागी भाव संबंध होने के कारण लक्ष्यार्थ ग्रहण किया जाता है , जहाँ इस तरह का प्रयोग होता है वहां पर शुद्धा लक्षणा होती है, एक उदाहरण भी देख सकते हैं, जयशंकर प्रसाद की कामायनी से यह पंक्तियां ली गई हैं-
बढ़ा मन और चले थे पैर ,
शैल मालाओं का श्रृंगार। (जय शंकर प्रसाद )
इन पंक्तियों में मन को बढ़ता हुआ तथा पैरों को चलता हुआ दिखाया गया है किंतु मन और पैर स्वयं तो नहीं चल सकते वरन संपूर्ण शरीर चलता है अतः यहां मुख्यार्थ बाधित हो गया है और यहां लक्षणा निकल रही है अर्थात यह लाक्षणिक अर्थ दे रहा है शरीर के साथ मन और पैर का अंगागी भाव संबंध है, अर्थात अंगागी भाव का संबंध होने के कारण शुद्धा लक्षणा है | एक अन्य उदाहरण है- मेरे सिर पर क्यों बैठ गए | (समीपता)
शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा के दो भेद किए गए-
1.लक्षण (जहत्स्वार्था,जहदस्वार्था) शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा और
2. उपादान (अजहत्स्वार्था या अजहदस्वार्था ) शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा|

लक्षण शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा -  जब  किसी शब्द का लाक्षणिक अर्थ ग्रहण करते समय उसका मुख्य अर्थ पूरी तरह लुप्त या  सर्वथा छूट जाए तब  वहां लक्षण लक्षणा होती है जैसे - पेट में आग लगी है, यहाँ आग शब्द  से लक्ष्यार्थ निकल रहा है और आग ने अपना मुख्य अर्थ बिलकुल छोड़ दिया है अर्थात यहाँ अर्थ होगा कि भूख लगी है | इसी तरह यह बालक सिंह है इस वाक्य में सिंह का अर्थ  वीर है और मुख्य अर्थ  हिंसक पशु छूट गया है| इसी प्रकार गंगा पर आश्रम है इस वाक्य में गंगा पद लाक्षणिक है जिसका मुख्य अर्थ जल का प्रवाह है  किंतु गंगा ने अपना जल प्रवाह वाला अर्थ बिलकुल छोड़ दिया है यहाँ लक्ष्यार्थ निकल रहा है|
उपादान शुद्धा प्रयोजनवती लक्षणा- जब वाच्यार्थ सर्वथा बहिष्कृत नहीं होता बल्कि लक्ष्यार्थ  में वाच्यार्थ की  स्थिति भी निहित रहती है तब उपादान लक्षणा  मानी जाती है। इसमें मुख्य अर्थ को  पूरी तरह छोड़ा नहीं जाता बल्कि वो भी कुछ-कुछ बना रहता है |                                          
जैसे- दो बंदूकों ने पूरे गांव को लूट लिया| इस वाक्य में दो बंदूकों का अर्थ है -दो बंदूके धारण कर किए हुए दो व्यक्ति, इन्हीं ने सारे गांव को लूटा है| देखिए यहां बंदूकों में ( बंदूकधारी मनुष्यों )  मुख्य अर्थ भी विद्यमान है, इसलिए उपादान लक्षणा है |
व्यंजना शब्द शक्ति
 व्यंजना शब्द का शाब्दिक अर्थ होता है प्रकाशित करना या ध्वनित करना
जब अभिधा और लक्षणा अपने-अपने अर्थ का बोध कराने पर भी कवि के अभीष्ट अर्थ को व्यक्त करने  में असमर्थ रहते  हैं  तब जिस शब्द शक्ति द्वारा कवि के अभीष्ट अर्थ की प्रतीति होती है, उसे शब्द की व्यंजना शक्ति कहते हैं| व्यंजना शक्ति द्वारा प्राप्त होने वाले अर्थ को  ही व्यंग्यार्थ, प्रतीयमानार्थ या  ध्वन्यार्थ  कहते हैं|                                 व्यंग्यार्थ की विशेषता है कि यह न तो वाच्यार्थ  की भांति शब्दों द्वारा कथित होता है और न ही  लक्ष्यार्थ  की भांति रूढ़ि अथवा प्रयोजन द्वारा लक्षित होता है ,  इस अर्थ की तो केवल प्रतीति ही की जा सकती है|  व्यंग्यार्थ तक पहुंचने के लिए सहृदय को कल्पना का सहारा भी लेना पड़ता है, व्यंजना द्वारा प्राप्त अर्थ अधिक चमत्कार पूर्ण और आनंददायक होता है,   कल्पना प्रधान रमणीय अर्थ की प्रतीति व्यंजना द्वारा ही संभव होती है व्यंजना शब्द शक्ति प्रसंग और परिस्थिति के आधार पर अनेक अर्थों को व्यक्त करने में समर्थ होती है|          व्यंग्यार्थ की सत्ता शब्द और अर्थ दोनों में संभव होने के कारण इस शब्द शक्ति को दो भागों में बांट सकते हैं -
 1. शाब्दी  व्यंजना
 2. आर्थी व्यंजना 
 शाब्दी व्यंजना-  जब  व्यंग्यार्थ का संपूर्ण सौंदर्य शब्द पर निर्भर रहता है तब उस स्थान पर शाब्दी व्यंजना होती है उस व्यंजक शब्द के स्थान पर समानार्थी शब्द रख देने से व्यंग्यार्थ  की प्रतीति नहीं हो पाती|   शाब्दी व्यंजना संयोग, वियोग, साहचर्य, देशकाल ,व्यक्ति, प्रकरण आदि 14  स्थितियों पर निर्भर करती है| यही नियम भिन्नार्थक शब्दों का एक अर्थ निश्चित करते हैं, जैसा कि हमने अभिधा शब्द शक्ति में देखा था, संयोग आदि से विशेष अर्थ निश्चित हो जाने पर उससे भिन्न जिस व्यंग्यार्थ की प्रतीति होती है वह इसी शाब्दी  व्यंजना  की देन है , एक उदाहरण  देखिए-
 चिर जीवौ जोरी जुरै क्यों न स्नेह गंभीर 
को घटि  ए वृषभानुजा , वे हलधर के वीर              (बिहारी )
यहां वृष भानुजा तथा हलधर के वीर अनेकार्थी शब्द है, इनमें राधा और कृष्ण की पारिवारिक प्रतिष्ठा (राधा वृषभानु की पुत्री तथा बलराम के भाई कृष्ण) का वर्णन करते हुए उनके प्रेम संबंधों की उपयुक्तता सूचित की गई है,  किंतु इन दोनों शब्दों के अन्य अर्थ वृषभ + अनुजा =बैल की बहन गाय, तथा हल + धर= बैल के भाई की ओर भी अनायास ध्यान जाता है | इन अर्थों के कारण जिस परिहास को  व्यंजित  किया गया है वह व्यंजना शक्ति का ही चमत्कार है|  राधा वृषभानु राजा की पुत्री है और कृष्ण नंद के पुत्र बलराम के भाई हैं अतः दोनों की जोड़ी सुंदर है| यह इस दोहे का अभिधा परक अर्थ है, 
किंतु राधा वृषभ (बैल) की अनुजा अर्थात गाय  है और कृष्ण  हल को धारण करने वाले बेल के  वीर (भाई ) हैं , अर्थात वे बैल  हैं | गाय और बैल की यह जोड़ी सुंदर है| तो ऐसा चमत्कार पूर्ण और परिहासपूर्ण अर्थ व्यंजना  द्वारा ही संभव हो पाया है|

आर्थी व्यंजना 
जब व्यंग्यार्थ अर्थ पर निर्भर हो तब आर्थी व्यंजना होती  है, समानार्थक अर्थात सामान अर्थ वाला  शब्द रख देने पर भी व्यंग्यार्थ नष्ट नहीं होता| वक्ता ,बोधक, काकू, अन्य सन्निधि  आदि के वैशिष्ट्य  से जिस व्यंग्यार्थ की प्रतीति होती है वह आर्थी व्यंजना कहीं जाती है इसके द्वारा प्रतीत होनेवाला अर्थ ही व्यंग्यार्थ  होता है अर्थात यह  किसी शब्द विशेष पर अवलंबित नहीं रहता आर्थी व्यंजना में पहले वाच्यार्थ की प्रतीति होती है उसके बाद व्यंग्यार्थ निकलता है जैसे-
 अबला जीवन हाय तेरी यही कहानी
आंचल में है दूध आंखों में पानी (मैथिलीशरण गुप्त)
एक उदाहरण देखिए -
देखो नीड़ों में विहग युगल,
अपने शिशुओं को रहे चूम 
उनके घर में कोलाहल है
 मेरा सोना है गुफा द्वार (जय शंकर प्रसाद )
 श्रद्धा की इन पंक्तियों द्वारा कवि  यह बताना चाहता है कि अब उसमें मातृत्व प्राप्त करने की लालसा तीव्र हो गई है, यह अभिप्रेत  अर्थ इन पंक्तियों के साक्षात प्रतीत मुख्य अर्थ  से सर्वथा भिन्न है| वक्र उक्ति  वैशिष्ट्य के कारण इस अर्थ की प्रतीति अवश्य हो जाती है और इसी में इन पंक्तियों का सौंदर्य झलकता है, यह श्रद्धा द्वारा मनु से  कही गई हैं , अतः  यहाँ व्यंग्यार्थ निकल रहा है  और यह व्यंग्यार्थ अर्थ पर निर्भर है इसलिए यहाँ  आर्थी व्यंजना  है,  समानार्थक अर्थात सामान अर्थ वाला  शब्द रख देने पर भी व्यंग्यार्थ नष्ट नहीं हो सकता  
इसी प्रकार कहते हैं कि सूर्यास्त हो गया तब इस वाक्य में प्रसंग  के अनुसार अनेक अर्थ  निकल रहे हैं -
अब अंधेरा होने वाला है
दीपक जलाने का समय हो गया है
अब काम समाप्त कर देना चाहिए
प्रकाश कर देना चाहिए इत्यादि 
यहां सूर्यास्त के स्थान पर अन्य शब्द रवि, दिनकर आदि भी रख दें तब भी ये  विभिन्न व्यंग्यार्थ  प्रसंग के अनुकूल  व्यंजित होंगे इसलिए यहां पर  आर्थी व्यंजना  है | 
शाब्दी  व्यंजना और  आर्थी व्यंजना  दोनों ही अभिधा मुला और लक्षणा मूला होती हैं और वक्ता, बोधव्य, काकु, वाच्य आदि के आधार पर आर्थी व्यंजना के फिर से दस भेद या उपभेद किए जाते हैं जैसे -
  1. वक्तऋ वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना- जहां कवि, वक्ता या कवि द्वारा कल्पित पात्र के कथन की विशेषता के कारण व्यंग्यार्थ की प्रतीति होती है
  2. बोधव्य वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना- जहां श्रोता के वैशिष्ट्य के कारण व्यंग्यार्थ की प्रतीति हो 
  3. चेष्टा वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना- जहाँ कोई चेष्टा आदि के वैशिष्ट्य के कारण व्यंगार्थ निकलता हो
  4. काकु वैशिष्ट्यआर्थी व्यंजना- स्वर के आरोह -अवरोह के कारण
  5. अन्य सन्निधि वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना- जहां अन्य लोगों के पास में उपस्थित होने पर  वक्ता श्रोता से कथन करें किंतु तीसरा व्यक्ति व्यंग्यार्थ को न समझे|
  6. प्रकरण वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना -जहां प्रकरण के कारण व्यंग्यार्थ उपस्थित हो- नहीं पराग नहीं मधुर मधु नहिं विकास यहि काल अली कली ही सो बंध्यो आगे कौन हवाल 
  7. वाक्य वैशिष्टयोत्पन्न आर्थी व्यंजना-वाक्य के वैशिष्ट्य के कारण व्यंग्यार्थ की प्रतीति हो 
  8. वाच्य वैशिष्टयोत्पन्न आर्थी व्यंजना- वाच्यार्थ के वैशिष्ट्य के कारण व्यंग्यार्थ की प्रतीति 
  9. देश वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना- जहां देश  के अनुसार  व्यंग्यार्थ प्रकट हो रहा हो 
  10. काल वैशिष्ट्य आर्थी व्यंजना - काल वैशिष्ट्य के कारण व्यंग्यार्थ उत्पन्न हो रहा हो
अत: इन भेदों के आधार पर भी व्यंजना शब्द शक्ति द्वारा निकलने वाले अर्थों को समझा जा सकता है |  इस प्रकार  कुल मिलाकर व्यंजना शब्द शक्ति तीस भेद  हो सकते हैं |




नाट्य साहित्य की परम्परा

 नाट्य साहित्य की परम्परा  नाटक गद्य साहित्य की एक अत्यंत व्यापक विधा है। नाटक लिखने की परंपरा भारत में बहुत प्राचीन है। संस्कृत भाषा में ना...